Thursday, October 22nd, 2026

19 जिलों को भेजे 1129 करोड़, बाढ़ से हुए नुकसान की मिलेगी राहत

भोपाल
प्रदेश के 19 जिलों में पिछले साल आई बाढ़ और उसके बाद फसलों में कीट लगने से हुए किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने दूसरी किस्त के रूप में 1128.88 करोड़ रुपए कलेक्टरों को भेजे हैं। कलेक्टर इस राशि का भुगतान किसानों को करेंगे। इसके बाद बाढ़ से हुए नुकसान के बदले 66 प्रतिशत राशि किसानों को मिल जाएगी। शेष 34 प्रतिशत राशि का भुगतान करने के लिए बाद में राशि जारी की जाएगी।

राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा इसको लेकर कलेक्टर बैतूल, भोपाल, दमोह, देवास, धार, गुना, हरदा, होशंगाबाद, इंदौर, खरगोन, नरसिंहपुर, रायसेन, राजगढ़, सागर, सीहोर, शाजापुर, विदिशा, अलीराजपुर, आगर मालवा जिलों के कलेक्टरों को भेजे पत्र में कहा गया है कि उनके जिलों को राशि भेजने के साथ किसानों को किए जाने वाले भुगतान की अनुमति दी जा रही है। सभी प्रभावित किसानों को 33 प्रतिशत की दूसरी किस्त का भुगतान किया जाए। तीसरी किस्त के रूप में शेष राशि के लिए अलग से निर्देश दिए जाएंगे। कलेक्टर भुगतान की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी जारी करेंगे। यह क्षतिपूर्ति राशि खरीफ 2020 की फसल नुकसान होने पर आरबीसी 6 (4) के अंतर्गत दी जा रही है।

किसानों को भुगतान के लिए जारी की गई 1128.88 करोड़ की राशि में सबसे अधिक 191.35 करोड़ रुपए विदिशा जिले को दिए गए हैं। इसके अलावा शाजापुर जिले को 101.13, सीहोर जिले को 129.14, देवास जिले को 166.99 करोड़ रुपए भुगतान के लिए दिए गए हैं। सबसे कम 19.48 करोड़ रुपए नरसिंहपुर जिले को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में हुई ओलावृष्टि की समीक्षा वे लगातार कर रहे हैं। आज सुबह भी उन्होंने अधिकारियों के साथ ओला और बारिश से हुए नुकसान की समीक्षा की है। अमला सर्वे के लिए फील्ड में है। जैसे ही सर्वे रिपोर्ट आएगी किसानों को राहत देने का काम किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि 15 से 20 जिलों में ओलावृष्टि की सूचना है। आकलन करने के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि सात लोगों की जान गाज गिरने से हुई है, उनके परिजनों को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। फसल बीमा योजना के अंतर्गत भी किसानों को नुकसान की भरपाई कराने का काम किया जाएगा।

 

#बाढ़

Source : Agency

पाठको की राय